सुशासन तिहार: रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने जोन-2 को दी 2.05 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, शिविर में हाथों-हाथ बनीं समस्याओं की बात

0
IMG-20260522-WA0788

7 वार्डों के जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त 198 आवेदनों का एक माह में होगा शत-प्रतिशत निदान; विधायक ने की ईंधन बचाने की मार्मिक अपील

रायपुर। राजधानी के शहीद स्मारक भवन में आज रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत आने वाले 7 वार्डों हेतु ‘सुशासन तिहार 2026’ जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कड़कती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद सभी विभागीय स्टालों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोन-2 के छह वार्डों में लगभग 2 करोड़ 5 लाख रूपये की लागत से होने वाले 23 विभिन्न विकास कार्यों (सीसी रोड, नाली, पुलिया, सामुदायिक भवन एवं पाइपलाइन विस्तार) का भूमिपूजन कर नागरिकों को बड़ी सौगात दी।

विष्णु देव साय सरकार में ‘सुशासन’ की गारंटी

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त कुल 198 आवेदनों (180 मांगें और 18 शिकायतें) का एक माह की तय समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा। विधायक ने मंच से राष्ट्रहित में नागरिकों से ईंधन बचाने की विनम्र अपील भी की।

कम शिकायतों पर सभापति ने थपथपाई जोन-2 की पीठ

नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि 7 वार्डों के इस बड़े शिविर में मात्र 198 आवेदन प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि जोन-2 के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मात्र 18 शिकायतें मिलना दर्शाता है कि क्षेत्र में निगम के कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं। सभी आवेदकों को उनके निराकरण की लिखित सूचना घर तक भेजी जाएगी।

NTPC World Environment Day

शिविर में हाथों-हाथ मिला योजनाओं का लाभ

सुशासन तिहार शिविर में कई नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की गई:

  • राशन कार्ड: आवेदन देते ही पुष्पा शर्मा व देवकी साहू को अंत्योदय, गौरी बाई को प्राथमिकता और मयूरी पाटिल, शहनाज बानो व कविता जंघेल को एपीएल राशन कार्ड बनाकर मौके पर ही सौंपे गए।
  • श्रवण यंत्र: देवेन्द्र नगर निवासी नारायण सोनी को समाज कल्याण विभाग द्वारा तत्काल श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
  • प्रधानमंत्री आवास: 16 पात्र हितग्राहियों को ‘मोर जमीन-मोर मकान’ योजना के तहत नया मकान निर्माण हेतु ‘भवन अनुज्ञा पत्र’ वितरित किए गए।
  • स्वास्थ्य सेवा: शिविर में 108 नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच कराई, जिनमें से 21 का नेत्र परीक्षण कर आवश्यकतानुसार चश्मे वितरित किए गए।
  • अन्नप्राशन: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

शिविर के दौरान नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य अवतार भारती बागल, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नन्द कुमार चौबे, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे सहित 15 से अधिक विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी विभागों को प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!