संजारी में सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में 282 आवेदनों पर हुई सुनवाई, 75 का मौके पर निराकरण
रायपुर । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से बालोद जिले में लगातार जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम संजारी में गुरुवार को व्यापक जनभागीदारी के साथ जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संजारी क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 20 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 282 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 75 आवेदनों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया गया एवं शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जिनमें कृषि विभाग अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मत्स्य पालन विभाग अंतर्गत मछली जाल, समाज कल्याण विभाग की ओर से श्रवण यंत्र एवं छड़ी तथा स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं किसानों को केसीसी कार्ड भी प्रदान किए गए। शिविर में दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल बोर्ड का विशेष आयोजन किया गया, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। वहीं महिला एंव बाल विकास विभाग के द्वारा नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कर उन्हें खीर खिलाई गई तथा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंट कर गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने नीर चेतना अभियान के अंतर्गत पानी संरक्षण और जल के महत्व को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जनजागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन रहा है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनबरसा ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण विकास और जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। सुशासन तिहार के माध्यम से जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला स्वयं गांवों तक पहुँचकर योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन कर रहा है तथा आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ संजारी क्लस्टर में प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की प्रगति से भी ग्रामीणों को अवगत कराया। शिविर में जिला पंचायत सदस्य राजाराम तारम, जनपद उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी और बडी संक्ष्ख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
