28 जून से पल्स पोलियो अभियान 920 पोलियो बूथ से 1.19 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
मुंगेली । जिले में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने तथा जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय व्ही.पी.डी. (वैक्सीन प्रिवेंटेबल डिजीज) सर्विलेंस एवं नियमित टीकाकरण सुदृढ़ीकरण उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य वैक्सीन से रोकी जा सकने वाली बीमारियों की निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाना तथा नियमित टीकाकरण सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, खंड चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि जिले में 28 जून 2026 को पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 01 लाख 19 हजार 500 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 920 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। वहीं 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) बिलासपुर इकाई के डॉ. विनय कौशिक ने व्ही.पी.डी. सर्विलेंस की अवधारणा, रोगों की समयबद्ध पहचान, रिपोर्टिंग, संदिग्ध मामलों की जांच, नमूना संग्रहण, डेटा प्रबंधन तथा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने टीकाकरण से वंचित बच्चों की पहचान, ड्रॉपआउट दर कम करने और समुदाय स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने की रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

