जनदर्शन में उमड़ी फरियादों की भीड़ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर। जिले में प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बने साप्ताहिक जनदर्शन में सोमवार को दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शहरवासियों की समस्याएं सामने आईं। , कलेक्टर, बिलासपुर ने एक-एक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त तथा जिला पंचायत सीईओ भी मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
छात्र की पढ़ाई अटकी, राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि
बोदरी तहसील के ग्राम बोडसरा निवासी छात्र दीपेश कुमार ने पुराने मिसल रिकॉर्ड में नाम की त्रुटि के कारण जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की शिकायत की। उसने बताया कि दस्तावेज नहीं बनने से उसकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कलेक्टर ने मामले को एसडीओ बिल्हा को सौंपते हुए शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।
तालाब के रास्ते पर अवैध निर्माण का मामला
कोटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासकीय तालाब के निस्तारी मार्ग पर अवैध निर्माण की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम तेंदुवा में सुखराम यादव द्वारा तालाब आने-जाने के रास्ते पर कब्जा कर मकान बना लिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने कहा।
किसान सम्मान निधि नहीं मिलने की शिकायत
नहरपारा लिटिया निवासी कैलाश प्रसाद साहू ने किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर से की। इस प्रकरण को उप संचालक कृषि को सौंपते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
शहर और गांवों की बुनियादी समस्याएं सामने
शहर के वार्ड क्रमांक 36 बसंत भाई पटेल नगर के रहवासियों ने सीसी रोड, नाली, बिजली पोल और पानी पाइपलाइन की मांग रखी। वार्डवासियों ने बताया कि कच्ची सड़क के कारण जलभराव और गंदगी की स्थिति बनती है, जिससे स्कूली बच्चों सहित आम लोगों को परेशानी होती है। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं सकरी तहसील के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कोपरा में तालाब निर्माण के लिए स्वीकृत खसरा नंबर 81 और 82 की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग वहां खेती कर रहे हैं। कलेक्टर ने एसडीओ तखतपुर को जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
राजस्व, आर्थिक सहायता और आवास ऋण से जुड़े आवेदन
जनदर्शन में राजस्व अभिलेखों में नाम सुधार, जाति प्रमाण पत्र जारी करने, आर्थिक सहायता राशि, किसान सम्मान निधि, बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं से जुड़े बकाया भुगतान, जप्त सामान या राशि वापसी तथा आवास ऋण से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में प्राप्त सभी प्रकरणों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




