अतिक्रमण के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई कलेक्टर ने किया निरीक्षण, एक दुकान सील

0
IMG-20260221-WA0754

मुंगेली । जिले में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। व्यापारियों को पूर्व में समझाइश देने के बाद अब नियमों की अनदेखी करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला मुख्यालय में पड़ाव चौक से पंडरिया रोड तक का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई दुकानदारों द्वारा अपने स्वामित्व की सीमा से बाहर सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया है। इससे आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कलेक्टर ने मौके पर ही दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि वे अपना समस्त व्यापारिक सामान दुकान के भीतर ही रखें और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।

प्रशासन की समझाइश के बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रखने पर एक दुकान को तत्काल सील कर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि यह कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनहित, यातायात सुगमता और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिसको लेकर प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही हैं।

कलेक्टर ने व्यापारियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम यातायात वाला बनाया जा सके। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरीलाल सिंह ठाकुर, सहित राजस्व एवं नगर पालिका के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कराई और आगे भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर भी इसी प्रकार का विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!