हाईस्कूल परीक्षा: 10,673 परीक्षार्थी हुए शामिल
• कलेक्टर ने किया दसवीं बोर्ड परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण
• नकल प्रकरण को लेकर शिक्षकों को दी सख्त हिदायत
मुंगेली । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल (दसवीं) बोर्ड परीक्षा का शुभारंभ आज 21 फरवरी से हुआ। जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें कुल 10,673 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 350 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की पवित्रता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित बी.आर. साव स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण की प्रक्रिया, पर्यवेक्षकों की तैनाती तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने नकल प्रकरण को लेकर केंद्राध्यक्ष एवं शिक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शिक्षकों से परीक्षा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने और प्रत्येक विद्यार्थी पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। साथ ही, परीक्षा केंद्र में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें तनावमुक्त रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शांत मन और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नपत्र पढ़कर उत्तर लिखें। यह परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य की महत्वपूर्ण सीढ़ी है, इसलिए पूरे मनोयोग से प्रयास करें।
कलेक्टर ने केंद्र में पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने की बात कही है।
इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी, केंद्राध्यक्ष एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करें और परीक्षा अवधि में अनावश्यक दबाव न बनाएं, ताकि विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




