पथरिया क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध मुरुम खनन, प्रशासन मौन रात के अंधेरे में तालाबों और शासकीय भूमि से उत्खनन, हादसे की आशंका बढ़ी

0
IMG_20260222_080639_614

मुंगेली । पथरिया नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों अवैध मुरुम खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है। मुरुम माफिया बिना किसी डर के शासकीय भूमि, तालाबों और मुरमी जमीन से मुरुम का उत्खनन कर उसका परिवहन कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पथरिया ब्लॉक के कई गांवों में रात के समय बड़े पैमाने पर मुरुम की खुदाई की जा रही है। तालाबों और शासकीय भूमि से निकाले गए मुरुम को हाइवा और ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए ले जाया जाता है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से गांवों की सड़कों की हालत बद से बदतर होती जा रही है।

शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं

NTPC World Environment Day

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन की जानकारी कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि खनिज विभाग छत्तीसगढ़ भी इस मामले में आंखें मूंदे हुए है। यहां तक कि सरपंचों को सूचना देने के बावजूद अवैध खनन पर लगाम नहीं लग पाई है।

रात में होता है अवैध परिवहन

पथरिया–सारगांव क्षेत्र में अवैध मुरुम उत्खनन के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मुरुम माफिया रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तालाबों की खुदाई से निकले मुरुम का परिवहन कर लेते हैं। उन्हें भरोसा रहता है कि रात के समय निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे।

हादसे की आशंका

निर्धारित गाइडलाइन से अधिक खुदाई किए जाने से कई स्थानों पर गहरे और बेतरतीब गड्ढे बन गए हैं। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। साथ ही तालाबों की अत्यधिक खुदाई से पर्यावरणीय संतुलन पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन मुंगेली से अवैध मुरुम खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले हालात पर काबू पाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!