गौ सेवा धाम में बनेगा पक्का शेड, अध्यक्ष मद से 9.55 लाख की राशि स्वीकृत

0
IMG-20260313-WA0905

• वार्ड 06 में बेसहारा गौवंश को धूप और बारिश से मिलेगी राहत, वर्षों पुरानी मांग पूरी

मुंगेली। नगर के वार्ड क्रमांक 06 स्थित गौ सेवा धाम में अब बेसहारा गौवंश को चिलचिलाती धूप और बारिश से राहत मिलने जा रही है। नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने गौ-संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए अपने अध्यक्ष मद से 9 लाख 55 हजार रुपये की राशि गौ सेवा धाम में पक्का शेड निर्माण के लिए स्वीकृत की है। इस निर्णय के बाद अब गौवंश के लिए सुरक्षित शेड बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है।

गौ सेवा धाम कल्याण समिति के अनुसार लंबे समय से यहां मवेशियों के लिए पक्के शेड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। बरसात और गर्मी के मौसम में खुले स्थान पर रह रहे गौवंश को सुरक्षित रखना समिति के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। कई बार इस संबंध में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष मांग भी रखी गई, लेकिन वर्षों तक यह मांग पूरी नहीं हो सकी थी।

समिति के सदस्यों का कहना है कि नगर में कई बड़े जनप्रतिनिधि और प्रभावशाली नेता होने के बावजूद गौ सेवा धाम में शेड निर्माण का कार्य लंबे समय तक लंबित रहा। ऐसे में नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा इस दिशा में पहल कर राशि स्वीकृत करना गौ सेवा से जुड़े लोगों के लिए बड़ी राहत की बात है।

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने केवल शेड निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने तक ही पहल सीमित नहीं रखी, बल्कि उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर निर्माण कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए हैं। उनका उद्देश्य है कि आगामी गर्मी और बरसात के मौसम से पहले गौवंश के लिए सुरक्षित छत उपलब्ध कराई जा सके।

इस पहल के बाद गौ सेवा धाम कल्याण समिति के सदस्य नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और नगर पालिका अध्यक्ष से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने एक औपचारिक पत्र सौंपकर अध्यक्ष के प्रति कृतज्ञता जताई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।

समिति के सदस्यों ने कहा कि यह सहयोग न केवल गौसेवा के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है, बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका कहना था कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने इस प्रकार गौ सेवा के लिए इतनी बड़ी राशि स्वीकृत कर संवेदनशीलता दिखाई है।

नगर के सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी इस निर्णय की सराहना की है। उनका कहना है कि गौ सेवा जैसे धार्मिक और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर जनप्रतिनिधियों की सक्रियता समाज में सकारात्मक संदेश देती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नगर में बड़े पदों पर आसीन कई नेता मौजूद हैं, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा उठाया गया यह कदम गौ संरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। लोगों को उम्मीद है कि शेड निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा और गौ सेवा धाम में रह रहे गौवंश को मौसम की मार से राहत मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!