राहगीर से लूटपाट करने वाले 4 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, बेल्ट से की थी पिटाई
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर/मस्तूरी। थाना मस्तूरी क्षेत्र में राहगीर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पैसे नहीं मिलने पर पीड़ित के साथ बेरहमी से बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 1400 रुपए नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त बेल्ट जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामप्यारे राय (62) निवासी चौहा चौकी मल्हार, 30 मार्च की रात लगभग 11:50 बजे डगनिया से एक शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढ़ा और डगनिया के बीच रास्ते में चार युवकों—रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू और मंजेश खूंटे—ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने पहले प्रार्थी से पैसे की मांग की और मना करने पर गाली-गलौज करते हुए बेल्ट तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी की कमीज की जेब में रखे 1400 रुपए लूट लिए और उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। घायल प्रार्थी रातभर वहीं पड़ा रहा।
सुबह करीब 6 बजे चकरबेढ़ा गांव के कुछ लोगों ने घायल अवस्था में पड़े प्रार्थी को देखा और उसे उसके घर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों के साथ वह चौकी पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम चकरबेढ़ा से संदेहियों को पकड़कर चौकी लाया, जहां पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी सुमित दिनकर से लूटी गई 1400 रुपए नगद राशि और मंजेश खूंटे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट बरामद किया। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है, वहीं आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से अपराधियों में भय व्याप्त है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




