पचपेड़ी नाका स्थित KFC सीलबंद
गंदगी, नाली में किचन पाइप जोड़ने और एसटीपी व्यवस्था नहीं मिलने पर निगम की बड़ी कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर में चलाए जा रहे “टीम प्रहरी अभियान” के तहत नगर निगम स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निवेश विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पचपेड़ी नाका स्थित KFC आउटलेट को सीलबंद कर दिया। निरीक्षण के दौरान गंदगी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक नाली में सीधे किचन पाइप जोड़े जाने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर निगम प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की।
जनशिकायत के बाद हुई औचक जांच
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला एवं जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश पर “टीम प्रहरी अभियान” के तहत शहर में विभिन्न संस्थानों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में नगर पालिक निगम रायपुर आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निवेश विभाग की टीम ने जोन क्रमांक-10 क्षेत्र अंतर्गत पचपेड़ी नाका स्थित KFC आउटलेट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, जोन कमिश्नर श्री मोनेश्वर शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अमित बेहरा, स्वच्छता निरीक्षक श्री गिरीजेश तिवारी, श्री यशवंत बेरिहा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण में मिली कई गंभीर खामियां
जांच के दौरान टीम को KFC परिसर में गंदगी फैली हुई मिली। साथ ही किचन का पाइप सीधे सार्वजनिक नाली से जुड़ा पाया गया, जिससे गंदा पानी खुले नाले में बह रहा था। इसके अलावा प्लास्टिक एवं अन्य कचरा भी सार्वजनिक नाली में फेंका जाना पाया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार आउटलेट में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। वहीं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत आवश्यक व्यवस्थाएं भी नहीं पाई गईं।
नोटिस के बाद भी नहीं दिया जवाब
बताया गया कि नगर निगम द्वारा पूर्व में KFC प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। न ही नियमों के अनुरूप सुधारात्मक कार्रवाई की गई।
इसके बाद जनहित और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए KFC आउटलेट को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया।
निगम ने दी सख्त चेतावनी
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
टीम प्रहरी अभियान के तहत आगे भी होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच अभियान जारी रहने की बात कही गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
