अमरकंटक के श्री चंद्राचार्य धर्माथ चिकित्सालय में लकवा,मिर्गी हेतु लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित श्री चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय में रविवार दिनांक 05/07/2026 को श्री कल्याण सेवा आश्रम एवं प्रथम हॉस्पिटल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में लकवा (पैरालिसिस) एवं मिर्गी रोग के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया । शिविर में क्षेत्र के अनेक ग्रामीणों एवं जरूरतमंद मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया ।
शिविर में आज कुल 40 मरीजों का पंजीयन किया गया । बिलासपुर (सी जी) के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य जांच कर उनकी समस्याओं का गहन परीक्षण किया तथा आवश्यक उपचार एवं दवा संबंधी परामर्श प्रदान किया । इस अवसर पर मरीजों को रोगों के प्रति जागरूक करते हुए समय पर उपचार , नियमित दवा सेवन तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी गई ।

श्री चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय शिविर में आज डॉ. मनोज मौर्य , डॉ.एस.के. तिवारी , डॉ. राजेश नंदानी तथा फार्मासिस्ट अभिषेक मिश्रा ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं । आयोजन को सफल बनाने में चिकित्सालय के सुखनंदन सिंह , राजेश कुमार तिवारी , रामसनेही नापित , ईश्वरी पंड्राम एवं दीपक कुमार चंद्रवंशी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।
आयोजकों ने बताया कि प्रथम हॉस्पिटल बिलासपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम प्रत्येक रविवार को अलग-अलग बीमारियों के उपचार एवं परामर्श हेतु श्री चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय में आकर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती है । इन शिविरों के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उनके निकट ही उपलब्ध कराई जा रही हैं ।
श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा शिविर में आने वाले सभी मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क चिकित्सालय सुविधा के साथ-साथ निःशुल्क भोजन की भी व्यवस्था की जाती है । आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इन निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाकर समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

