महाशिवरात्रि पर नागेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब सामाजिक सौहार्द की मिसाल बना आयोजन
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर के सूर्या चौक चिंगराजपारा स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार, समाज व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अधूरे से आस्था केंद्र तक का सफर
यह मंदिर लंबे समय तक अधूरी अवस्था में पड़ा रहा था। मंदिर के पुनर्निर्माण की पहल एक मुस्लिम युवक द्वारा की गई, जिसने स्थानीय लोगों को साथ लेकर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया। इस सराहनीय प्रयास में मोहल्ले के हिंदू युवकों ने भी बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग दिया। लगभग एक वर्ष पूर्व मंदिर का निर्माण पूर्ण हुआ और आज यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
रुद्राभिषेक और भंडारे में उमड़ी भीड़
महाशिवरात्रि पर मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। पंडितों के मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
समाजजनों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मुशर्रफ खान सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और मोहल्लेवासी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
भाईचारे का मजबूत संदेश
महाशिवरात्रि का यह आयोजन केवल धार्मिक पर्व तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का सशक्त संदेश भी देता नजर आया। विभिन्न समुदायों की सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि आस्था और मानवता मिलकर समाज को जोड़ने का कार्य करती है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




