पुरानी त्रासदी से सबक नहीं, फिर दोहराया गया दर्द: क्या इस बार मिलेगा न्याय?
जांजगीर चांपा/सक्ति । छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सक्ती जिले स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने 16 मजदूरों की जान ले ली, जबकि 30 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से झुलसकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। यह घटना डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित संयंत्र में उस समय हुई, जब रोज की तरह सामान्य कार्य जारी था।
दोपहर करीब 2 बजे अचानक हुए इस विस्फोट ने पूरे प्लांट को दहला दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीम पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

लेकिन यह पहली बार नहीं है जब छत्तीसगढ़ में किसी बड़े औद्योगिक संयंत्र में इस तरह की भयावह घटना हुई हो।
15 साल पुराना जख्म अब भी ताजा
सितंबर 2009 में कोरबा स्थित Bharat Aluminium Company Limited (बालको) के 1200 मेगावाट बिजली संयंत्र में निर्माणाधीन 110 मीटर ऊंची चिमनी गिर गई थी। इस हादसे में 40 से अधिक मजदूर मलबे में दबकर मौत के शिकार हो गए थे। उस समय भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी और निर्माण में लापरवाही के गंभीर आरोप लगे थे।
मामले में निर्माण से जुड़ी कंपनियां, जिनमें सेपको (SEPCO) और GDCL सहित कुल पांच कंपनियों को आरोपी बनाया गया। SEPCO के इंजीनियरों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज हुआ, लेकिन वे भारत छोड़कर चले गए और आज तक अदालत के सामने पेश नहीं हुए।
करीब 15 वर्षों तक यह मामला अदालतों में उलझा रहा। वर्ष 2025 में जाकर कोर्ट ने इसे गंभीर मानते हुए कंपनियों और उनके अधिकारियों को आरोपी बनाया, लेकिन अब तक न तो दोष तय हो सका है और न ही किसी को सजा मिली है।
सवाल वही—क्या मजदूरों की जान की कोई कीमत नहीं?
बालको हादसे के पीड़ित परिवार आज भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं। वर्षों से चल रही सुनवाई के बावजूद जब जिम्मेदारी तय नहीं हो पाई, तो अब सक्ती जिले की इस ताजा घटना ने फिर वही सवाल खड़ा कर दिया है—क्या मजदूरों की मौत यूं ही फाइलों में दबकर रह जाएगी?
वेदांता प्लांट में हुए इस हादसे के बाद भी शुरुआती जांच और बयानबाजी का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन लोगों के मन में आशंका गहराती जा रही है कि कहीं यह मामला भी बालको हादसे की तरह लंबी कानूनी प्रक्रिया में उलझकर ठंडे बस्ते में न चला जाए।
जवाबदेही तय होगी या फिर इतिहास दोहराया जाएगा?
विशेषज्ञों का मानना है कि औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी, निगरानी तंत्र की कमजोरी और दोषियों पर समय रहते कार्रवाई न होना ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति का बड़ा कारण है। जब तक जिम्मेदार कंपनियों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक मजदूरों की सुरक्षा केवल कागजों तक सीमित रहेगी।
सक्ती की इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन, न्याय व्यवस्था और उद्योग प्रबंधन के सामने कड़ा प्रश्न खड़ा कर दिया है—
क्या इस बार 16 मजदूरों की मौत का जिम्मेदार तय होगा, या फिर यह मामला भी सालों तक अदालतों में भटकता रहेगा?
बॉयलर के ट्यूब में प्रेशर बढ़ने से जोरदार धमाका, मौत का तांडव
वेदांता पावर प्लांट में भीषण हादसा, 12 मजदूरों की मौत
30 से अधिक श्रमिक झुलसे, दर्जनभर की हालत नाजुक — मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका कई किमी दूर तक गूंजी धमाके की आवाज, चीख-पुकार से दहला परिसर
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि बॉयलर के ट्यूब में अचानक प्रेशर बढ़ने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद प्लांट परिसर में मौत का मंजर फैल गया।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 12 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। घटनास्थल से 3 शव बरामद किए गए, जबकि 9 श्रमिकों ने रायगढ़ के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में 30 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें से करीब एक दर्जन की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
धमाका इतना भयावह था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया।
प्लांट के बाहर फूटा गुस्सा, मातम में बदला माहौल
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूरों के परिजन प्लांट के बाहर पहुंच गए। अपने परिजनों की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। कई महिलाएं और बुजुर्ग रोते-बिलखते नजर आए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
एक श्रमिक ने बताया कि हादसा करीब 3 बजकर 20 मिनट पर हुआ। उसका भतीजा प्लांट में काम कर रहा था और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। उसने आरोप लगाया कि ब्लास्ट के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और ठेकेदार व अधिकारी मौके से दूरी बनाते नजर आए।
सीएम के सख्त निर्देश, जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए बिलासपुर कमिश्नर को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि इस हादसे में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल
इस भयावह हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बॉयलर ट्यूब में बढ़ते प्रेशर पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया जा सका, जिससे यह बड़ा विस्फोट हुआ।
अब सवाल उठ रहा है कि क्या प्लांट में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन हो रहा था? क्या नियमित निरीक्षण और रखरखाव में लापरवाही बरती गई?
जांच रिपोर्ट का इंतजार, जिम्मेदारी तय होना बाकी
फिलहाल प्रशासन और तकनीकी टीम जांच में जुट गई है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि औद्योगिक सुरक्षा में जरा सी चूक भी कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


