कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त कोल विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने अमरकंटक में नवनिर्मित मुक्तिधाम का किया अवलोकन
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक पहुंचे मध्यप्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल शुक्रवार को अमरकंटक प्रवास पर रहे । इस दौरान उन्होंने श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा नवनिर्मित एवं सुव्यवस्थित मुक्तिधाम का अवलोकन किया ।
अवलोकन के दौरान श्री रौतेल ने मुक्तिधाम की संरचना , उपलब्ध सुविधाओं तथा वहां के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की । उन्होंने मुक्तिधाम को और अधिक सुव्यवस्थित , जनोपयोगी एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए ।
इस अवसर पर कल्याण सेवा आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज से मुक्तिधाम में भविष्य में प्रस्तावित विकास कार्यों , सुविधाओं के विस्तार एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई । स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने आश्रम की भावी योजनाओं तथा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी साझा की ।
रामलाल रौतेल ने आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा , साधना एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं जनकल्याणकारी प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं ।
निरीक्षण के दौरान श्री रौतेल ने जिला कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर मुक्तिधाम में अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार किया । उन्होंने सड़क , बिजली , स्नान हेतु घाट , पेयजल सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए ।
इस अवसर पर स्वामी जगदीशानंद जी महाराज , विनोद कारकी एवं पत्रकार मुन्नू सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




