अमरकंटक में टैक्सी किराया सूची लागू , पुलिस थाना और नगर परिषद अमरकंटक में जमा
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में टैक्सी यूनियन कल्याण समिति संपूर्ण भारत इकाई अमरकंटक द्वारा यात्रियों की सुविधा , पारदर्शिता और मनमानी वसूली पर रोक लगाने के उद्देश्य से नई टैक्सी किराया सूची तैयार कर थाना अमरकंटक एवं नगर परिषद अमरकंटक में विधिवत रूप से जमा की गई है ।

टैक्सी यूनियन द्वारा जारी निर्देशानुसार , अमरकंटक क्षेत्र में संचालित सभी टैक्सी एवं यात्री वाहनों के चालकों को अपने-अपने वाहनों में किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है ताकि पर्यटकों एवं स्थानीय यात्रियों को यात्रा से पूर्व किराए की सही जानकारी प्राप्त हो सके ।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था से न केवल यात्रियों का विश्वास बढ़ेगा बल्कि टैक्सी चालकों के बीच भी एकरूपता बनी रहेगी और किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी । साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी किराया संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा ।
नगर परिषद एवं थाना प्रशासन ने टैक्सी यूनियन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि किराया सूची के पालन से क्षेत्र में व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी । नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकेगी ।
इस पहल से अमरकंटक आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित , सुगम और न्यायसंगत परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




