एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन को डब्ल्यूसीएल के सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार

0
IMG-20260131-WA0908.jpg

बिलासपुर । कोयला मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह अतिरिक्त प्रभार 01 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा, जो प्रारंभिक रूप से तीन माह अथवा आगामी आदेश तक लागू रहेगा।

कोयला मंत्रालय का आदेश
जारी आदेश के तहत हरीश दुहन वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ डब्ल्यूसीएल के सीएमडी का कार्यभार भी संभालेंगे। मंत्रालय के इस निर्णय को कोयला क्षेत्र में उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और उपलब्धियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

27 मार्च 2025 को संभाला था एसईसीएल का कार्यभार
हरीश दुहन ने 27 मार्च 2025 को एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का पदभार ग्रहण किया था। उनके नेतृत्व में एसईसीएल ने भू-अधिग्रहण, गुणवत्तापूर्ण कोयला उत्पादन, सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन तथा महिला सशक्तीकरण जैसे अहम क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

भूमि अधिग्रहण और उत्पादन में ऐतिहासिक उपलब्धि
दुहन के मार्गदर्शन में एसईसीएल देश की पहली कोल पीएसयू बनी, जिसने भूमिगत खदानों में पेस्ट-फिल तकनीक को अपनाया। लंबे समय से भू-अधिग्रहण की चुनौतियों से जूझ रही एसईसीएल की मेगा परियोजनाओं में, उनके नेतृत्व में अप्रैल 2025 से अब तक 250 हेक्टेयर से अधिक भूमि का रिकॉर्ड पजेशन प्राप्त किया गया है, जिससे उत्पादन क्षमता को मजबूत आधार मिला है।

महिला सशक्तीकरण में नई पहल
एसईसीएल ने कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला-संचालित डिस्पेंसरी तथा ऑल-वूमेन सेंट्रल स्टोर यूनिट की शुरुआत कर कार्यस्थल पर समावेशन और नारी सशक्तीकरण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं।

34 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव
हरीश दुहन को कोयला खनन क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक का व्यापक और बहुआयामी अनुभव प्राप्त है। उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक उपाधि प्राप्त की है। वर्ष 1989 में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) से अपने करियर की शुरुआत करने वाले दुहन के पास फर्स्ट क्लास माइन मैनेजर सर्टिफिकेट तथा प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी है।

कई महत्वपूर्ण पदों पर निभाई जिम्मेदारी
अपने करियर के दौरान दुहन सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में निदेशक (तकनीकी-संचालन) के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की निगाही परियोजना में एरिया जनरल मैनेजर तथा कॉर्पोरेट प्रोजेक्ट प्लानिंग विभाग के महाप्रबंधक के रूप में भी उन्होंने अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।

आधुनिक और सतत नेतृत्व की पहचान
हरीश दुहन को पर्यावरण-हितैषी फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजनाओं, डिजिटलीकरण तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास एवं कार्यान्वयन का विशेष अनुभव है। यही कारण है कि उन्हें कोयला क्षेत्र में आधुनिक, सतत और भविष्य-उन्मुख नेतृत्व प्रदान करने वाले अनुभवी अधिकारी के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!