केंद्रीय बजट 2026 पर तीखी सियासी जंग, भाजपा ने बताया विकसित भारत का रोडमैप, कांग्रेस ने कहा आम जनता से छलावा


मुंगेली । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में वर्ष 2026 का आम बजट पेश किए जाने के बाद देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। बजट को लेकर जहां भारतीय जनता पार्टी इसे “विकसित भारत” की दिशा में मजबूत कदम बता रही है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने इसे महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ने वाला बजट करार दिया है। मुंगेली जिले में भी बजट को लेकर भाजपा, कांग्रेस और आम जनता की अलग–अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
भाजपा : विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट
भाजपा नेताओं का कहना है कि बजट 2026 में ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों पर विशेष फोकस किया गया है।



भाजपा ग्रामीण मुंगेली के महामंत्री नितेश भारद्वाज ने कहा,
“युवा, गरीब और किसान के लिए यह बजट है। ग्रामीण विकास को फोकस करने वाला यह बजट विकसित भारत के सपने को साकार करने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।”


जनपद पंचायत मुंगेली के सभापति पवन पाण्डेय ने कहा,
“यह बजट विकसित भारत के लिए बनाया गया है। हर सेक्टर को कवर करने वाला बजट है। युवा, महिलाएं और किसान इससे लाभान्वित होंगे। आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।”

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश साहू ने कहा,
“2026 का यह बजट ‘विकसित भारत’ की नींव को मजबूत करेगा और युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करेगा। यह जन आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाला बजट है।”

जिला पंचायत मुंगेली के सभापति उमाशंकर साहू ने कहा,
“यह बजट गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को समर्पित है और इससे विकास को नई गति मिलेगी।”

पूर्व जिला पंचायत सदस्य दुर्गा उमाशंकर साहू ने कहा,
“इस बजट से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।”

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री शीलू साहू ने कहा,
“महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाला यह बजट सराहनीय है।”

अल्पसंख्यक मोर्चा मुंगेली के जिला अध्यक्ष रितेश वाधवा ने कहा,
“इस बजट से अल्पसंख्यक समाज के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।”

युवा मोर्चा जिला महामंत्री अमितेश आर्य ने कहा,
“यह बजट भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने वाला है।”

जनपद पंचायत सदस्य तरुण पाटले ने कहा,
“ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाओं पर बजट का विशेष फोकस है।”

महिला मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य रत्नावली कौशल ने कहा,
“यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की भावना को साकार करता है।”
कांग्रेस : बजट में आम जनता की अनदेखी
कांग्रेस नेताओं ने बजट 2026 को पूरी तरह जनविरोधी बताते हुए कहा कि इसमें महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय और ग्रामीण विकास जैसे ज्वलंत मुद्दों पर कोई ठोस समाधान नहीं है।

कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी नवनीत शुक्ला ने कहा,
“बजट 2026 पूरी तरह निराशाजनक है। इसमें युवाओं के रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता।”

कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा,
“बजट में युवाओं के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है। बेरोजगार युवकों को झूठे आश्वासनों से छला गया है।”

जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर ने कहा,
“केंद्रीय बजट किसान, मजदूर और ग्रामीण जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। इसमें जमीनी समस्याओं का समाधान नहीं है।”

नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा,
“बजट में नगरीय विकास और मध्यम वर्ग को कोई ठोस राहत नहीं दी गई, जिससे आम जनता निराश है।”

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा,
“यह बजट पूंजीपतियों के हित में है, जबकि युवाओं के रोजगार और शिक्षा के मामले में सरकार असफल रही है।”

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संजय यादव ने कहा,
“महंगाई और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बजट पूरी तरह मौन है।”

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी ने कहा,
“किसानों की आय बढ़ाने के वादे एक बार फिर खोखले साबित हुए हैं।”

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश छैदईया ने कहा,
“युवाओं के भविष्य के लिए बजट में कोई स्पष्ट योजना नजर नहीं आती।”

पूर्व जनपद पंचायत सदस्य अशोक चंद्राकर ने कहा,
“ग्रामीण और पंचायत विकास को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।”

महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष उर्मिला रमेश यादव ने कहा,
“महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर बजट में कोई गंभीर पहल नहीं दिखती।”

किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आत्मा सिंह क्षत्रिय ने कहा,
“यह बजट किसानों के साथ छलावा है। किसानों की आय बढ़ाने और समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया।”
आम जनता की मिली-जुली प्रतिक्रिया

बजट को लेकर आम नागरिकों की राय भी बंटी हुई नजर आई।
स्थानीय नागरिक इमरान खोखर ने कहा,
“केंद्र सरकार के बजट में आम जनता, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के लिए राहत देने की कोशिश की गई है। विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे पर फोकस तो है, लेकिन महंगाई और टैक्स को लेकर अपेक्षाएं अब भी बनी हुई हैं।”
केंद्रीय बजट 2026 को लेकर मुंगेली सहित पूरे देश में सियासी घमासान तेज है। भाजपा इसे विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे आम जनता की उम्मीदों पर खरा न उतरने वाला बजट करार दे रही है। अब आने वाले समय में बजट के प्रावधानों का जमीनी असर ही तय करेगा कि यह किस हद तक जनता को राहत और विकास की दिशा दे पाता है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



