फरहदा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा बहन से बातचीत के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

0
IMG_20260204_163850.jpg

मुंगेली | जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरहदा में हुई युवक की निर्मम हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरे प्रकरण का खुलासा कर दिया है। बहन से बातचीत करने के संदेह को लेकर हुए विवाद में बटनदार चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को फरहदा निवासी अर्जुन साहू (20 वर्ष) ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करीब दो-ढाई माह पहले गांव के जयपाल उर्फ कल्लू साहू द्वारा उसकी बहन से बातचीत को लेकर कोमल साहू (मृतक) के साथ विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर 02 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे खरवोरवा तालाब पार ग्राम फरहदा के पास आरोपियों ने अर्जुन साहू और कोमल साहू के साथ मारपीट की।

रिपोर्ट के अनुसार जयपाल साहू ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जबकि हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने अपने पास रखे बटनदार चाकू से अर्जुन साहू के पेट और हाथ पर वार किया तथा कोमल साहू के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल कोमल साहू को जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर थाना जरहागांव में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बहन से बातचीत के संदेह में वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी

  1. हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह), निवासी बजरंगपारा जरहागांव
  2. जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष), निवासी फरहदा
    को 03 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर 04 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया।

इस पूरे खुलासे में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक लखीराम नेताम, प्रधान आरक्षक महेशराज, आरक्षक उमेश सोनवानी सहित थाना स्टाफ एवं सायबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!