अमरकंटक एक सप्ताह से शीतलहर की चपेट में
जम रही बर्फ , रुई-सी सफेद चादर कांच की तरह चमकती
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली , पवित्र नगरी अमरकंटक जो मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थलो में से एक है । पवित्र नगरी अमरकंटक इन दिनों भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में है । विगत एक सप्ताह से तापमान लगातार शून्य के आसपास बना हुआ है और ठंड नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है । बीते छह से सात दिनों से प्रतिदिन बर्फ जमने की स्थिति बन रही है जिससे संपूर्ण नगर में कड़ाके की ठंड का असर साफ नजर आ रहा है ।
मां नर्मदा नदी के उत्तर एवं दक्षिण तट तथा आसपास के खुले मैदानों एवं इंद्रदमन तालाब , शासकीय उद्यानिकी क्षेत्र में घास , फूल और पत्तियों पर रुई के समान सफेद बर्फ जमी हुई दिखाई दे रही है । रामघाट दक्षिण तट और उद्यान (गार्डन) में , पार्कों एवं मैदानों में घास पर बिछी बर्फ की सफेद चादर सुबह के समय कांच की तरह चमकती नजर आती है । दिन के समय भी ठंड का प्रभाव बना हुआ है ।
मौसम की स्थिति की बात करें तो दिन का तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है जबकि रात्रि में तापमान गिरकर 0 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच जा रहा है । दिन और रात के तापमान में लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के अंतर के कारण शीतलहर का प्रभाव और अधिक बढ़ गया है ।
इस ग़लन भरी भीषण ठंड से सबसे अधिक परेशानी गरीब , मजदूर एवं श्रमिक वर्ग को उठानी पड़ रही है । वहीं नर्मदा परिक्रमा पर निकले साधु-संत एवं परिक्रमावासी भी ठंड से प्रभावित हो रहे हैं । इसके बावजूद पर्यटकों , तीर्थ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी जा रही है और नर्मदा दर्शन व परिक्रमा का क्रम निरंतर जारी है ।
ठंड के इस कठिन दौर में सेवा और संवेदना का भाव भी देखने को मिल रहा है । दूर-दराज से आए संपन्न श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों द्वारा गरीब , अनाथ एवं असहाय लोगों को ऊनी कंबल , शॉल एवं गर्म वस्त्र वितरित किए जा रहे हैं । अमरकंटक के जयसवाल परिवार सुबह परिक्रमा वासियों को गरमा गरम चाय पिलाने का कर्तव्य अपने निवास स्थल पर कर रहे । वहीं स्थानीय प्रशासन एवं नगर परिषद अमरकंटक द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर ठंड से बचाव हेतु अलाव जलाने की व्यवस्था भी की गई है ।
पवित्र नगरी अमरकंटक इन दिनों भीषण ठंड , बर्फ जैसी स्थिति और श्रद्धा की गर्माहट—तीनों का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रही है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




