अमरकंटक में लगातार दूसरे दिवस भी जमी बर्फ
कड़ाके की ठंड और शीतलहर के आगोश में अमरकंटक
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक जो
मध्य प्रदेश का सुप्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक–आध्यात्मिक तीर्थ स्थल अमरकंटक में इस समय भीषण ठंड का प्रकोप लगातार जारी है । अमरकंटक में सोमवार और मंगलवार को लगातार दो दिवसीय मैदानों पर बर्फ जमी रही जिससे पूरा क्षेत्र शीतलहर के आगोश में आ गया है ।
सोनमुड़ा , माई की बगिया मार्ग , गायत्री एवं सावित्री सरोवर के तटों पर , शासकीय उद्यानिकी , कपिलधारा मार्ग किनारे आदि क्षेत्रों में सुबह-सुबह सफेद रूई की परत जैसी बर्फ जमी नजर आई । मैदानों की घास , फूल , पत्तियां और नदी की तलहटी में ओस की बूंदें जमकर बर्फ के रूप में दिखाई पड़ी । घास के मैदान मानो सफेद चादर ओढ़े हुए प्रतीत हो रहे थे । उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और वहां से चल रही सर्द हवाओं का सीधा असर अमरकंटक में देखने को मिल रहा है । तापमान गिरकर शून्य के करीब पहुंच गया है , जिससे ठिठुरन भरी ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है । सुबह और रात के समय हालात सबसे ज्यादा कठोर बने हुए हैं । भीषण ठंड से बचाव के लिए स्थानीय लोग और पर्यटक गरमा-गरम चाय की चुस्कियां और अलाव का सहारा ले रहे हैं । बाजारों , चौराहों और घरों के बाहर अलाव जलते नजर आ रहे हैं । हालांकि फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना कम बताई जा रही है । जानकारों के अनुसार बीते अनेक दिनों से तापमान लगातार नीचे बना हुआ है और शीतलहर के कारण जमाव की स्थिति बनी हुई है । ऐसे में अमरकंटक में पड़ रही यह ठंड और जमती बर्फ नया इतिहास रचने की ओर अग्रसर मानी जा रही है । अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह कड़ाके की ठंड और कितने दिनों तक अपना असर बनाए रखती है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




