भिलौनी में स्मार्ट मीटर को लेकर अवैध वसूली की शिकायत, जांच में सामने आई सच्चाईबिजली विभाग की टीम पहुंची गांव, ग्रामीणों को लौटाई गई राशि, ठेका कर्मी कार्य से हटाया गया

0
IMG-20260130-WA0703.jpg

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

पचपेड़ी/भिलौनी। पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम भिलौनी में स्मार्ट मीटर स्थापना के दौरान अवैध वसूली की शिकायत सामने आने के बाद बिजली विभाग की जांच टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जांच की।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जिन उपभोक्ताओं से राशि ली गई थी, उन्होंने स्मार्ट मीटर स्थापना के अतिरिक्त अपने घरों में नए तार लगवाए थे अथवा पुराने बिजली कनेक्शन में सुधार कार्य करवाया था। इन अतिरिक्त कार्यों के एवज में संबंधित उपभोक्ताओं द्वारा अपनी स्वेच्छा से मीटर कर्मियों को मेहनताना दिया गया था। हालांकि, विभागीय जांच टीम ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए किसी भी प्रकार की राशि लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

NTPC World Environment Day

जांच टीम की मौजूदगी में जिन उपभोक्ताओं से पैसा लिया गया था, उनकी राशि तत्काल वापस कराई गई। साथ ही अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से बताया कि स्मार्ट मीटर की स्थापना पूरी तरह निशुल्क है और इसके लिए किसी भी मीटर कर्मी को एक भी पैसा देने की आवश्यकता नहीं है।

बिजली विभाग ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए संबंधित ठेका कर्मी को कार्य से हटा दिया है, जिसने मीटर स्थापना के दौरान राशि ली थी। विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को यह भी निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर स्थापना के अलावा किसी भी अन्य प्रकार के बिजली संबंधी कार्य—जैसे वायरिंग, मरम्मत या कनेक्शन सुधार—के लिए मीटर स्थापना से जुड़े कर्मचारी बाध्य नहीं हैं। ऐसे अतिरिक्त कार्य उपभोक्ता अपने निजी इलेक्ट्रीशियन से ही कराएं।

बिजली विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि भविष्य में स्मार्ट मीटर या किसी अन्य कार्य को लेकर कोई अवैध वसूली या अनियमितता सामने आती है, तो इसकी तत्काल सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!