उचित मूल्य और समय पर भुगतान से किसानों को मिला सहारा, धान खरीदी से बढ़ा भरोसा धान खरीदी से किसान बिसेलाल निषाद की आर्थिक स्थिति हुई मजबूत


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कवर्धा। धान खरीदी का समय किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी अवधि में उन्हें वर्षभर की मेहनत का प्रतिफल मिलता है। जब धान सही समय पर बिकता है, उचित मूल्य प्राप्त होता है और भुगतान शीघ्रता से हो जाता है, तो इससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होती है और वे आगामी फसलों के लिए आत्मविश्वास के साथ तैयारी कर पाते हैं।


कबीरधाम जिले के ग्राम लिमो निवासी किसान बिसेलाल निषाद लंबे समय से खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं। इस वर्ष उन्होंने लगभग 1.50 एकड़ भूमि में धान की फसल ली, जिससे उन्हें करीब 32.40 क्विंटल धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। उनके पास कुल लगभग दो एकड़ कृषि भूमि है, जिससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। खेती के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर वे मजदूरी कर अपनी आजीविका को सुदृढ़ बनाते हैं।

किसान बिसेलाल निषाद ने बताया कि शासन द्वारा धान का उचित समर्थन मूल्य मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अच्छे दाम पर धान की बिक्री होने से खेती की लागत निकालने के बाद भी घरेलू जरूरतों के लिए पर्याप्त राशि बच जाती है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब खेती को लेकर पहले से अधिक उत्साहित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में धान खरीदी की व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर और सुगम हो गई है। खरीदी केंद्रों में तौल व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता, बैठने की सुविधा सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होने से धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और किसानों को संतोषजनक अनुभव मिलता है।
किसान निषाद ने यह भी बताया कि धान विक्रय के बाद प्राप्त राशि समय पर सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो गई। इस राशि से वे घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति करेंगे, वहीं शेष रकम से रबी फसल के लिए बीज और खाद की खरीद करेंगे, ताकि अगली फसल और बेहतर हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संचालित किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए खरीदी केंद्रों में ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, माइक्रो एटीएम और त्वरित भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं से न केवल किसानों का समय बच रहा है, बल्कि उन्हें आर्थिक सुरक्षा और मानसिक संतोष भी प्राप्त हो रहा है, जिससे शासन पर उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



