मितानिनें निस्वार्थ भाव से कर रहीं जनसेवा, गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में उनकी भूमिका अहम: विजय शर्मा


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
■ बोड़ला में ‘स्वस्त पंचायत जन संवाद सम्मेलन’ का भव्य आयोजन
■ उपमुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
कवर्धा । कबीरधाम जिले के बोड़ला स्थित हिंदू संगम परिसर में आयोजित ‘स्वस्थ पंचायत जन संवाद सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मितानिनों के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मितानिनें निस्वार्थ भाव से पूरे गांव को अपना परिवार मानकर लोगों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहती हैं। उनके समर्पण के कारण ही आज दुर्गम अंचलों और पंचायतों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक पहुंच सुनिश्चित हो पा रही है। विशेषकर महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा में उनका योगदान अतुलनीय है।

महिला सशक्तिकरण: 33 प्रतिशत आरक्षण ऐतिहासिक कदम सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लिया है। आने वाले वर्षों में विधायी कार्यों में महिलाओं की भागीदारी और सशक्त होगी। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 1.50 लाख पंच और 11 हजार से अधिक सरपंच हैं, जिनमें निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों की संख्या लगभग 55 प्रतिशत है।


आर्थिक संबल दे रही महतारी वंदन योजना श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से महिलाओं के खातों में हर माह 1,000 रुपये की राशि सीधे जमा की जा रही है। यह राशि महिलाओं को न केवल छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए सक्षम बना रही है, बल्कि उनमें आर्थिक आत्मनिर्भरता का भाव भी जागृत कर रही है।
जिले में बनेंगे 19 ‘महतारी सदन’ उपमुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महिला समूहों के लिए क्लस्टर स्तर पर ‘महतारी सदन’ का निर्माण किया जा रहा है। कबीरधाम जिले में कुल 19 महतारी सदन बनाए जाएंगे, जो रोजगार और आय संवर्धन के केंद्र बनेंगे। इनका संचालन पूरी तरह से महिलाओं के हाथों में होगा।

अटल डिजिटल केंद्रों से घर बैठे मिलेंगी सुविधाएं ग्रामीणों की सुविधा के लिए प्रत्येक पंचायत में ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’ प्रारंभ किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब ग्रामीणों को पेंशन, छात्रवृत्ति या महतारी वंदन योजना की राशि निकालने के लिए बैंक या शहर जाने की जरूरत नहीं होगी। ये सुविधाएं अब ग्राम पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सम्मेलन में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति: इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष नन्द श्रीवास, जिला पंचायत सभापति डॉ. वीरेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य रूपसिंह धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, सभापति मनीराम साहू, नितेश अग्रवाल, मोहन धुर्वे, बरसाती राम, कांशीराम उइके और कार्यक्रम प्रबंधक सत्यप्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में मितानिनें और ग्रामीण उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



