एसईसीएल ने टीबी व फेफड़ों की बीमारियों के लिए एआई-सक्षम मोबाइल मेडिकल यूनिट परियोजना हेतु किया समझौता

0
IMG-20260202-WA0723.jpg

कोरबा जिले में ‘प्रोजेक्ट SHWAS’ के क्रियान्वयन के लिए 4.99 करोड़ रुपये की सीएसआर सहायता मंजूर

बिलासपुर/कोरबा । सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टीबी एवं अन्य फेफड़ों से संबंधित बीमारियों की रोकथाम, जांच और उपचार के लिए ‘प्रोजेक्ट SHWAS’ के क्रियान्वयन हेतु आश्रय फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह परियोजना एसईसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत कोरबा जिले में संचालित की जाएगी, जिसके लिए 4.99 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है। एमओयू पर हस्ताक्षर एसईसीएल मुख्यालय में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास की उपस्थिति में संपन्न हुए। इस अवसर पर एसईसीएल की ओर से सी.एम. वर्मा, महाप्रबंधक (सीएसआर) तथा आश्रय फाउंडेशन की ओर से नलिन जोहरी, कार्यकारी निदेशक ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। कार्यक्रम में एसईसीएल के सीएसआर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ की पहली एआई आधारित मोबाइल मेडिकल यूनिट

प्रोजेक्ट SHWAS छत्तीसगढ़ राज्य में अपनी तरह की पहली एआई-सक्षम मोबाइल मेडिकल यूनिट परियोजना होगी। इसके माध्यम से टीबी एवं अन्य फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों की घर-घर जाकर जांच, शीघ्र पहचान और उपचार से जोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना के तहत निवारक, संवर्धनात्मक एवं ओपीडी आधारित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे रोगियों को समय पर उपचार मिल सके।

घर-घर जांच और उपचार पर विशेष जोर

परियोजना के प्रमुख घटकों में प्री-टीबी लक्षणों की प्रारंभिक पहचान और प्राथमिक उपचार, उपचार अनुपालन की नियमित निगरानी एवं फॉलो-अप, टीबी रोगियों के लिए देखभाल एवं स्वच्छता किट, मासिक पोषण एवं वेलनेस किट का वितरण शामिल है। इसके साथ ही रोगियों और उनके परिजनों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

एसईसीएल की इस पहल से कोरबा जिले में टीबी एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित होगा, जिससे जिले में सार्वजनिक स्वास्थ्य स्तर को मजबूत करने में उल्लेखनीय मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!