ग्राम रामपुर में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का आयोजन, 300 से अधिक किसानों ने लिया भाग


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जल संरक्षण व प्राकृतिक खेती अपनाने किया प्रेरित
कवर्धा । कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड सहसपुर लोहारा के ग्राम रामपुर में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पंडरिया विधायक भावना बोहरा रहीं। प्रशिक्षण में ग्राम रामपुर सहित आसपास के गांवों से लगभग 300 कृषक, महिला कृषक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


मुख्य अतिथि विधायक भावना बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने किसानों को उन्नत खेती के साथ-साथ जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिकतम लाभ लेने तथा वैज्ञानिकों द्वारा बताए जा रहे नवाचारों और उद्यमों को अपनाने की अपील की। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद भी किसानों की प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा पांच कृषकों को मशरूम उत्पादन की आदान सामग्री एवं तीन कृषकों को पावर स्प्रे मशीन का वितरण किया गया। तकनीकी सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने चना, गेहूं, तिवड़ा, मक्का, अरहर सहित अन्य फसलों में लगने वाले रोगों एवं कीटों की पहचान, उनसे होने वाले नुकसान के लक्षण तथा नियंत्रण की समन्वित विधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मशरूम उत्पादन तकनीक, कुक्कुट पालन, प्राकृतिक खेती, समन्वित कृषि प्रणाली, कृषि वानिकी एवं उन्नत कृषि उपकरणों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही वर्तमान कृषि परिदृश्य एवं किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा की अध्यक्ष दुर्गा सिंह हुकुम सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में नरेश साहु, जनपद सदस्य रूखमणी कौशिक, राघवेन्द्र वर्मा, चंद्रप्रताप सिंह बैस, गोपाल नेताम, सुदेश सिंह, रामशरण साहु, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रामपुर के प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. पी. त्रिपाठी, इंजीनियर टी.एस. सोनवानी, विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. एन.सी. बंजारा, डॉ. बी.एस. परिहार, डॉ. सी.पी. रहांगडाले तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



