फाइलेरिया रोधी दवा सेवन अभियान को लेकर बिहान पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण


मुंगेली । राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मुंगेली में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आर.एस. आयाम एवं वीबीडी सुपरवाइजर मिर्जा तोशेर अहमद बेग द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आने वाले सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) के पदाधिकारियों को फाइलेरिया रोधी दवा सेवन अभियान के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक मुंगेली जिले के तीनों विकासखंड — लोरमी, मुंगेली एवं पथरिया — में सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान 10 से 12 फरवरी 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में बूथ लगाकर लाभार्थियों को दवा का सेवन कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जागरूकता की कमी के कारण कई लोग फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन नहीं करते, जिससे यह बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीएलएफ के पदाधिकारियों को लोगों को जागरूक करने एवं दवा सेवन के लिए प्रेरित करने का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें फाइलेरिया बीमारी की गंभीरता, इसके दुष्परिणाम तथा हाथीपांव और हाइड्रोसिल जैसी समस्याओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रणेश मेश्राम, पीसीआई संस्था से महिलांगे, वीबीडी कार्यक्रम प्रभारी जित्तू साहू सहित सीएलएफ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी को यह संदेश दिया गया कि सामूहिक सहभागिता और जागरूकता से ही फाइलेरिया जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




