मुंगेली में बाल विवाह के खिलाफ महाभियान, कृषक सहयोग संस्थान की रथ यात्रा को हरी झंडी


मुंगेली । बच्चों के सुरक्षित भविष्य और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में एक बड़े जनजागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। कृषक सहयोग संस्थान द्वारा संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत बाल विवाह मुक्ति रथ यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे ने बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर समाज को इस कुप्रथा के विरुद्ध एकजुट होने का संदेश दिया।
सामूहिक जिम्मेदारी से ही थमेगा बाल विवाह : जिला पंचायत अध्यक्ष


रथ यात्रा को रवाना करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे ने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने कृषक सहयोग संस्थान एवं जेआरसी के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया और पूरी टीम को इस सामाजिक अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से तैयार फ्लेक्स पर हस्ताक्षर कर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

जागरूकता से ही मिलेगी सफलता
कार्यक्रम में उपस्थित जिला बाल संरक्षण अधिकारी अंजूबाला शुक्ला ने भी इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा जैसे माध्यमों से जब संदेश गांव-गांव तक पहुंचता है, तब अभियान की सफलता सुनिश्चित होती है। बाल विवाह रोकने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
गांव-गांव पहुंचेगी जागरूकता की आवाज
बाल विवाह मुक्ति रथ यात्रा जिले के संवेदनशील गांवों का भ्रमण करेगी। रथ में लगे लाउडस्पीकर और पोस्टरों के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी दंड, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव और बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों को बाल विवाह न करने तथा इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को देने की शपथ भी दिलाई जाएगी। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों को सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा।
जमीनी स्तर पर बदलाव की पहल
कृषक सहयोग संस्थान के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि संस्था देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की सहयोगी है, जो देश के 451 जिलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। मुंगेली जिले में बीते दो वर्षों से बाल विवाह, बाल श्रम और बाल यौन शोषण के खिलाफ निरंतर जमीनी स्तर पर काम किया जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि ऐसा सामाजिक सुरक्षा तंत्र विकसित करना है, जो बाल विवाह की सूचना मिलते ही उसे रोकने में प्रभावी भूमिका निभा सके।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे के साथ डीसीपीओ अंजूबाला शुक्ला, कृषक सहयोग संस्थान के जिला समन्वयक ललित सिन्हा, आशु चंद्रवंशी, छवि साहू, उमाशंकर कश्यप, शनि पोर्ते, वासुदेव आयंगर, कपिल यादव, सामाजिक कार्यकर्ता रतन कश्यप और सियाराम कश्यप सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



