पुलिस महानिरीक्षक का मुंगेली दौरा, लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण के निर्देश

0
Screenshot_20260203_204520.jpg

सशक्त एप से वाहन चोरी व संपत्ति अपराधों पर कसा शिकंजा

मुंगेली । पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने मंगलवार को जिले के प्रवास के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना जरहागांव, सायबर सेल, अपग्रेडेड कंट्रोल रूम, फिंगर प्रिंट शाखा एवं सिटी कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

प्रवास की शुरुआत थाना जरहागांव के औचक निरीक्षण से हुई। यहां थाने के रजिस्टरों की जांच करते हुए थाना प्रभारी, विवेचकों और मुहर्रिर को निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों की नियमित चेकिंग कर रोजनामचा में स्पष्ट उल्लेख करने, तख्ती अद्यतन रखने, थाना परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सीसीटीएनएस और सायबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

NTPC World Environment Day

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली में नवनिर्मित प्रशिक्षण भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं संवाद सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कीर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

इन बिंदुओं पर दिए गए विशेष निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक ने समीक्षा बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने, अपराध नियंत्रण में सायबर तकनीक के अधिकतम उपयोग, बीट प्रणाली के माध्यम से आम नागरिकों से संवाद और सूचना संकलन पर जोर दिया। साथ ही सशक्त एप के उपयोग से चोरी गए वाहनों की त्वरित पतासाजी और बरामदगी के निर्देश दिए गए।
थाना एवं चौकियों में “अनुभव” क्यूआर कोड के जरिए जनता से फीडबैक लेने और बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

क्राइम मीटिंग के दौरान सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित गश्त व पेट्रोलिंग, आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी, रात्रि में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और बीट प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए। गंभीर मामलों में स्वयं विवेचना कर शीघ्र कार्रवाई करने की भी हिदायत दी गई।

सशक्त एप से मिली सफलता

बैठक में सशक्त एप्लीकेशन की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से राज्यभर में लावारिस वाहनों की पहचान और चोरी गए वाहनों की बरामदगी आसान हुई है। इसी एप के जरिए मुंगेली जिले में पांच मोटरसाइकिल बरामद कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई, जिस पर पुलिस महानिरीक्षक ने मुंगेली पुलिस की सराहना की।

सायबर सेल व अन्य इकाइयों का निरीक्षण

इसके बाद सायबर सेल के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को एनसीसीआरपी पोर्टल की शिकायतों को लंबित न रखने, म्यूल बैंक खातों और फर्जी नंबर जारी करने वाले पीओएस एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सीईआईआर पोर्टल से गुम मोबाइल फोन की रिकवरी कर धारकों को लौटाने तथा स्कूल-कॉलेजों में सायबर जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया गया।

सिटी कोतवाली भ्रमण के दौरान रिकार्ड दुरुस्त रखने और आम जनता से मधुर व्यवहार के निर्देश दिए गए। अपग्रेडेड कंट्रोल रूम, हाईटेक कैमरों और फिंगर प्रिंट शाखा के निरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्टाफ को नकद इनाम से पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!