आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ को प्रदेश में दूसरा स्थान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया सम्मानित, जिले में खुशी की लहर

0

रिपोर्टर – कमलेश सिंह

IMG-20260205-WA0757.jpg

कवर्धा। कबीरधाम जिले के लिए यह गर्व का क्षण है। विकासखंड सहसपुर लोहारा अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ ने अपनी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर प्रबंधन के दम पर प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कायाकल्प आयुष 2024 के तहत स्वच्छता, सुव्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इसे राज्य में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ की टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कलेक्टर ने दी बधाई
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कायाकल्प आयुष 2024 के अंतर्गत प्रदेश की 1172 संस्थाओं को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान प्राप्त करने पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिस प्रकार से सिंघनगढ़ केंद्र ने स्वच्छता, सुव्यवस्थित व्यवस्था, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और गुणवत्तापूर्ण आयुष सेवाओं का उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किया है, वह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कायाकल्प आयुष योजना का उद्देश्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, रोगी संतुष्टि, औषधि उपलब्धता, उपचार की गुणवत्ता और समग्र स्वास्थ्य वातावरण को बेहतर बनाना है, जिस पर सिंघनगढ़ केंद्र ने सभी मानकों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट सेवाओं का उदाहरण
कलेक्टर ने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सकती हैं। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों, आयुष चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ एवं सहयोगी कर्मचारियों की सराहना करते हुए इसे टीमवर्क का शानदार उदाहरण बताया।

टीम भावना से मिली सफलता
जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में स्वच्छ वातावरण, सुव्यवस्थित व्यवस्था, बेहतर उपचार सुविधाएं और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के कारण आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंघनगढ़ लोगों का निरंतर विश्वास जीत रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र की प्रभारी डॉ. निर्मला पटेल, आयुर्वेद फार्मासिस्ट विद्यासिंह धुर्वे एवं डॉ. प्रीती उइके सहित पूरी टीम की निष्ठा, नवाचार और सेवा भाव से यह उपलब्धि संभव हो पाई है।

इस सम्मान से कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ है और भविष्य में और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की नई प्रेरणा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!