पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स से युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर: मुख्यमंत्री साय 10 रुपए का टिकट कटाकर मयाली नेचर कैंप पहुंचे मुख्यमंत्री, लिया साहसिक खेलों का आनंद

0
Screenshot_20260205_193503.jpg

रायपुर । छत्तीसगढ़ में पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज एक अलग ही अंदाज में नजर आए। मुख्यमंत्री ने जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में 10 रुपए का प्रवेश टिकट कटाकर न केवल एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद लिया, बल्कि आम नागरिकों को नियमों के पालन और समानता का सशक्त संदेश भी दिया। इस दौरान उन्होंने कई नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का औपचारिक शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

पर्यटन से रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री श्री साय ने नेचर कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति आधारित पर्यटन और साहसिक गतिविधियां पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा कर रही हैं

चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने मयाली नेचर कैंप में स्पोर्ट्स मोटर बाइक (एटीवी) को स्वयं चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके बाद उन्होंने बैलून शूटिंग में सटीक निशाना साधते हुए खेल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने आर्चरी शूटिंग में तीर चलाकर और माउंटेन साइक्लिंग में स्वयं साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का भी उद्घाटन किया।

खिलाड़ियों का कौशल देख मुख्यमंत्री हुए प्रभावित
इस अवसर पर वॉल क्लाइंबर तेज सिंह एवं तेजल भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष वॉल क्लाइंबिंग कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना की। मुख्यमंत्री बॉक्स क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आए और स्टेट ड्राइव व ऑफ साइड पर आकर्षक शॉट लगाए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने मयाली नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का भी अवलोकन किया, जहां विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस लगाए गए हैं। इस दौरान वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने कैक्टस के औषधीय महत्व की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पर्यटन स्थलों का विकास छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के मजबूत अवसर भी सृजित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!