हरियाली और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा वन विकास निगम और एनएमडीसी बचेली के बीच 50 हजार पौधारोपण का करार


रायपुर । पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वन विकास निगम और एनएमडीसी बचेली के बीच 50 हजार पौधों के रोपण का अनुबंध किया गया है। यह करार विगत 13 जनवरी को किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करना और जैव विविधता का संरक्षण करना है।

इस पहल से न केवल पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा, बल्कि वायु गुणवत्ता में सुधार, मिट्टी के कटाव पर नियंत्रण और ऑक्सीजन स्तर में वृद्धि जैसे सकारात्मक परिणाम भी सामने आएंगे। सतत विकास के माध्यम से यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

15 लाख से अधिक पौधे पहले ही लगाए जा चुके

वन विकास निगम वर्ष 2005 से एनएमडीसी के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण कार्य कर रहा है। अब तक निगम द्वारा कुल 15 लाख 37 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र में हरित क्षेत्र का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। नया पौधारोपण कार्य भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिसमें स्थानीय प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।


संरक्षण और देखरेख पर रहेगा जोर
पौधों के रोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा, देखरेख और संरक्षण के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें और लंबे समय तक पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
रोजगार के अवसर भी होंगे सृजित
इस अभियान को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने वन विकास निगम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। पौधारोपण, देखरेख और संरक्षण कार्यों में स्थानीय श्रमिकों की भागीदारी से ग्रामीणों की आय में वृद्धि होने की संभावना है।

सीएसआर के तहत एनएमडीसी की पहल
एनएमडीसी बचेली द्वारा यह अभियान कंपनी की सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय विकास और आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



