बिलासपुर रेंज पुलिस का बड़ा नवाचार
‘अनुभव’ क्यूआर कोड लॉन्च, थानों की व्यवस्था पर सीधे आईजी को मिलेगा जनता का फीडबैक

0
IMG-20260205-WA0584.jpg

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस रेंज में पारदर्शी और जनसंवाद आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से तैयार ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का आज औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस नवाचार के जरिए अब आम नागरिक थानों और पुलिस कार्यालयों में मिले अपने अनुभव और समस्याओं का सीधा फीडबैक पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे।

बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में आयोजित कार्यक्रम में संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं DIG व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती—के पुलिस अधीक्षक वर्चुअल रूप से शामिल हुए।

क्यूआर कोड स्कैन कर दे सकेंगे फीडबैक
‘अनुभव’ क्यूआर कोड को स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से कोई भी व्यक्ति थाना अथवा पुलिस कार्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा कर सकेगा। यह फीडबैक सबमिट होते ही सीधे आईजी कार्यालय में दर्ज हो जाएगा। फीडबैक देने वाला व्यक्ति चाहे तो अपनी पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय भी रख सकता है।

तकनीक से सशक्त होगी पुलिसिंग : आईजी गर्ग
आईजी रामगोपाल गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि अब समय आ गया है कि पुलिस तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बने। ‘अनुभव’ पहल के माध्यम से आमजन सरल तकनीक का उपयोग कर पुलिस के साथ अपने वास्तविक अनुभव साझा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि आज से रेंज के सभी आठ जिलों के थानों में क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं।

प्रशासन ने की पहल की सराहना
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल को पुलिस प्रशासन का सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि इससे आमजन बिना किसी वरिष्ठ कार्यालय के चक्कर लगाए अपनी बात सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।
संभाग आयुक्त अनिल जैन ने कहा कि नवाचार समय की आवश्यकता है। हम जनता के सेवक हैं, इसलिए हमारे कार्यों का मूल्यांकन भी जनता के फीडबैक से होना चाहिए।

रियल टाइम सुधार में मिलेगी मदद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड लगा दिए गए हैं। फरियादियों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं में त्वरित सुधार किया जाएगा।
कार्यक्रम में एसएसपी रायगढ़ शशिमोहन सिंह, एसएसपी मुंगेली भोजराम पटेल और एसपी कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने भी इसे पुलिसिंग को बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक पहल बताया।

जनता से अपील
आईजी रामगोपाल गर्ग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सदुपयोग करें, अपने सही और वास्तविक अनुभव साझा करें—चाहे वह सकारात्मक हो या किसी कमी से जुड़ा—ताकि व्यवस्था में निरंतर सुधार किया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। आज से ही बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम लागू कर दिया गया है, जिससे पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!