अन्नदाता का मान ही सरकार की पहचान समर्थन मूल्य के अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त देने का फैसला


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
25 लाख से अधिक किसानों के खातों में सीधे जाएंगे करीब 10 हजार करोड़
कवर्धा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों के हित में बड़ा और अहम निर्णय लिया गया। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त देने का निर्णय किया गया है। इसके तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि सीधे 25 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अन्नदाता भाइयों-बहनों का सम्मान और उनकी खुशहाली ही सरकार की असली पहचान है। सरकार केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनके परिश्रम का पूरा और न्यायसंगत मूल्य दिलाना अपना कर्तव्य मानती है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और होली का पर्व और भी उल्लासपूर्ण बनेगा।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के तहत बीते दो वर्षों में धान मूल्य अंतर के रूप में किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। होली से पहले 10 हजार करोड़ के भुगतान के बाद यह आंकड़ा 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत से ही राज्य की समृद्धि संभव है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सम्मान बनाए रखने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार ठोस फैसले ले रही है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



